जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर निगम की टीमें लगातार मैदान में, नालों और पुलियों की जलनिकासी पर विशेष जोर
Chhapra: सारण जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने नगर निगम क्षेत्र में युद्धस्तर पर जलनिकासी अभियान शुरू किया है।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर नगर निगम की टीमें विभिन्न प्रभावित इलाकों में लगातार जलनिकासी कार्य में जुटी हुई हैं।
बारिश के कारण कई स्थानों पर नालों, कलवर्टों एवं पुलियों में जल निकासी बाधित होने से जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसे देखते हुए बड़े क्षमता वाले डी-वाटरिंग (हाई कैपेसिटी) पंपों की मदद से तेजी से पानी निकाला जा रहा है।
नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी करते हुए जलनिकासी कार्य कर रही हैं, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके और आवागमन सहित जनजीवन सामान्य हो सके।
जिला प्रशासन ने कहा है कि बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों की भी तैनाती की जा रही है, ताकि किसी भी क्षेत्र में लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


















