Chhapra: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ भव्य एवं गरिमामय वातावरण में भारत माता के पूजन-अर्चन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में विभाग संघचालक विजय कुमार सिंह, जिला संघचालक पुरुषोत्तम मिश्र, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष अमरनाथ प्रसाद, उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद यादव, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह, सह सचिव डॉ. सुधांशु शेखर, कोषाध्यक्ष अमरेश कुमार मिश्रा, प्रधानाचार्य विनोद कुमार सहित समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य विनोद कुमार के मार्गदर्शन में कार्यक्रम प्रमुख राजेश कुमार ने समारोह को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया। मंच संचालन का दायित्व भैया नमन कुमार, अमृत कुमार तथा बहन सुप्रिया और अनुष्का ने प्रभावशाली ढंग से निभाया।
समारोह के दौरान विद्यालय के भैया-बहनों ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्र गौरव से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। पूरा विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष अमरनाथ प्रसाद एवं सचिव सुरेश प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में कन्या भारती की ओर से सिद्धि रानी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने अतिथियों, अभिभावकों, आचार्य बंधु-भगिनी एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय के आचार्य बंधु-भगिनी, अभिभावकगण तथा नगर के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



















