जोधपुर, 22 जनवरी (हि.स.)। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की ओर से आज शहर के भीतरी क्षेत्र घोड़ों का चौक में फर्जी हॉलमार्क लगाने को लेकर कार्रवाई की गई।
दरअसल टीम को फर्जी हॉल मार्किंग को लेकर शिकायत मिली थी। इसी पर आज जयपुर से पहुंची टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम घांचियों का बास स्थित हॉल मार्किंग सेंटर पर पहुंची। इस दौरान आसपास के दुकानदारों में हडक़ंप मच गया। सभी मौके पर इक_ा हो गए। बताया जा रहा है कि लंबे समय से फर्जी हॉल मार्किंग को लेकर घोड़े का चौक बाजार से टीम को शिकायतें भी मिल रही थी।
टीम को अंदेशा है कि कई दुकानदार सोने की फर्जी हॉल मार्किंग करते थे। करीब दो घंटे तक कार्रवाई कर टीम मौके से रवाना हो गई। यहां से कई डॉक्यूमेंट और सामान को जब्त कर अपने साथ ले गई। इस कार्रवाई के बाद घोड़ों का चौक सर्राफा बाजार में ग्राहकों के बीच भी चिंता का माहौल देखा गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोना खरीदते समय केवल बीआईएस हॉलमार्क, हॉलमार्किंग सेंटर का कोड और शुद्धता की पूरी जानकारी जरूर जांचनी चाहिए।








