Chhapra: रामजयपाल कॉलेज में छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) नगर इकाई के नेतृत्व में छात्रों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्राचार्य का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कॉलेज में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। कई बार ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं, छात्राओं के शौचालयों की स्थिति अत्यंत दयनीय है, गर्ल्स कॉमन रूम की सुविधा उपलब्ध नहीं है, शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है तथा विद्यार्थियों को अब तक पहचान पत्र (आईडी कार्ड) उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त विज्ञान प्रयोगशालाओं में आवश्यक संसाधनों का अभाव है और परिसर में प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है।
अभाविप के विभाग संयोजक सचिन कुमार चौरसिया ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को लेकर कई बार कॉलेज प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन को और व्यापक रूप देगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।
छात्रों के आरोप और मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्राचार्य ने कहा कि समस्याओं का जल्द ही निराकरण किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला संयोजक भास्कर कुमार, नगर मंत्री आशीष प्रजापति, नगर सह मंत्री रवि राणा, नगर सह मंत्री शिवम मिश्रा, राजेंद्र कॉलेज अध्यक्ष राकेश शर्मा, नगर कार्यालय मंत्री रितिक कुमार, धीरज कुमार, सिया सिंह, मनीषा, लक्ष्मी, जूही कुमारी, शशि यादव, राहुल, आशीष, आर्यन, रितेश, अंकित सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन से अविलंब आवश्यक कदम उठाकर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की।



















