Chhapra: छपरा शहर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान एवं बुडको द्वारा संचालित परियोजनाओं के कार्यान्वयन को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में महापौर, छपरा नगर निगम की उपस्थिति में एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम, अपर समाहर्त्ता तथा परियोजना अभियंता, बुडको उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत ऐसे सभी छोटे नालों की पहचान करने का निर्देश दिया जो अब तक खनुआ नाला से नहीं जुड़े हैं। उन्होंने इन सभी नालों को खनुआ नाला से जोड़ने हेतु एक सप्ताह के भीतर योजनाओं का चयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि 1750 मीटर लंबाई वाले खनुआ नाला का निर्माण कार्य हर हाल में फरवरी माह के अंत तक पूर्ण किया जाए। साथ ही तीनकोनिया के समीप ड्रेनेज पंपिंग सिस्टम की स्थापना हेतु शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त जटही पोखरा के आसपास पूर्ण रूप से मापी कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई (अतिक्रमणवाद) चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि नाला निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा कराया जा सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि खनुआ नाला से जुड़ने वाले सभी प्राथमिक नालों के जुड़ाव स्थलों पर स्क्रीन लगाए जाएंगे तथा जंक्शन चैंबर का निर्माण किया जाएगा, जिससे खनुआ नाला में प्लास्टिक एवं अन्य ठोस कचरे के प्रवेश को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








