Patna: बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छह भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादले के तहत 2011 बैच के आईएएस अधिकारी उज्ज्वल कुमार सिंह को पशुपालन निदेशक के पद से स्थानांतरित करते हुए ग्रामीण विकास विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
2012 बैच के आईएएस अधिकारी श्रीकांत शास्त्री, जो फिलहाल पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे, को पशुपालन विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है।
2017 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय को सूचना एवं जन-संपर्क विभाग में अपर सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं 2018 बैच के नितिन कुमार सिंह को माध्यमिक शिक्षा निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा 2021 बैच की आईएएस अधिकारी नीलिमा साहू को नवादा जिला परिषद के उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के पद से स्थानांतरित करते हुए स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
2022 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या शक्ति को कैमूर जिला परिषद के उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के पद से स्थानांतरित कर उत्पाद, मद्य निषेध एवं निबंधन विभाग में उत्पाद आयुक्त बनाया गया है।



















