Breaking News

भव्य उद्घाटन समारोह के साथ हुआ ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आगाज

4 Min Read
खबर सुनें
▶ Press play to listen

ग्लास्गो, 24 जुलाई (हि.स.)। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो स्थित हाइड्रो एरिना में गुरुवार रात रंगों, रोशनी, संगीत और सांस्कृतिक विरासत के अद्भुत संगम के बीच कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पारंपरिक स्कॉटिश संस्कृति और आधुनिक तकनीक के शानदार मेल ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया। हजारों दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों, आकर्षक दृश्य प्रभावों और खिलाड़ियों की शानदार परेड ने खेलों के महाकुंभ की बेहतरीन शुरुआत की।

SHAILFORD
विज्ञापन

समारोह की शुरुआत स्कॉटलैंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ हुई। देश के महानतम खिलाड़ियों में शुमार दिग्गज ट्रैक साइकिलिस्ट सर क्रिस होय और प्रसिद्ध अभिनेता ग्रेग मैकह्यू लोकप्रिय ब्रिटिश विज्ञान-कथा श्रृंखला डॉक्टर हू के मशहूर टार्डिस बॉक्स के माध्यम से मंच पर पहुंचे। इस दौरान किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला की मौजूदगी ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया। टार्डिस को इस बार स्कॉटलैंड की कहानी और विरासत को दुनिया तक पहुंचाने के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया।

RC Jewellers
विज्ञापन

इसके बाद संगीत, नृत्य और आधुनिक तकनीक का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने पूरे एरिना को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कॉटिश इलेक्ट्रॉनिक फोक संगीतकारों वाल्टोस की धुनों पर तैयार विशेष साउंडट्रैक के बीच 74 राष्ट्रमंडल खेल संघों के खिलाड़ी एक-एक कर एरिना में प्रवेश करते गए। एलईडी स्क्रीन पर हर दल का परिचय दिया गया, जबकि स्कॉटलैंड की प्राकृतिक वनस्पतियों से प्रेरित रंग-बिरंगे एनिमेशन के जरिए राष्ट्रमंडल बैटन को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।

मेजबान स्कॉटलैंड का दल सबसे आखिर में मैदान में उतरा और घरेलू दर्शकों ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उसका स्वागत किया। खिलाड़ियों की परेड ने पूरे समारोह का सबसे भावुक और आकर्षक पल पेश किया, जहां खेल भावना, एकता और राष्ट्रमंडल परिवार की विविधता साफ दिखाई दी।

Tanishq Chhapra
विज्ञापन

उद्घाटन समारोह में स्कॉटलैंड की लोककथाओं और इतिहास को भी आधुनिक अंदाज में मंच पर उतारा गया। प्रसिद्ध लोच नेस मॉन्स्टर की कहानी से लेकर ग्लास्गो की पहचान मानी जाने वाली ‘वॉयस ऑफ टाइम’ घड़ी तक, हर प्रस्तुति ने दर्शकों को स्कॉटलैंड की सांस्कृतिक यात्रा से रूबरू कराया। गायक नाथन इवांस के जोशीले प्रदर्शन, ग्लास्गो सेंट्रल स्टेशन पर आधारित रंगारंग नृत्य और शहर के जहाज निर्माण, वस्त्र उद्योग, रेल इंजन तथा भाप इंजनों की ऐतिहासिक विरासत को भी शानदार अंदाज में प्रस्तुत किया गया।

SOLANKI SCHOOL
विज्ञापन

प्रसिद्ध गायक कैलम बीटी ने लोकप्रिय गीत ‘यस सर, आई कैन बूगी’ की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया, जबकि गायिका नीना नेसबिट ने वर्ष 1988 के चर्चित स्कॉटिश गीत ‘आई एम गोना बी (500 माइल्स)’ को अपनी भावपूर्ण आवाज में प्रस्तुत कर पूरे माहौल को भावुक बना दिया।

समारोह के दौरान कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डोनाल्ड रुकारे और ग्लास्गो 2026 के चेयरमैन जॉर्ज ब्लैक ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेल केवल खिलाड़ियों के नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लोगों के खेल हैं और इनका उद्देश्य खेलों के माध्यम से देशों और संस्कृतियों को एक सूत्र में बांधना है।

अंत में किंग चार्ल्स ने आधिकारिक रूप से कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के उद्घाटन की घोषणा की। इसके साथ ही 23 जुलाई से 2 अगस्त तक चलने वाले इस बहु-खेल आयोजन का औपचारिक आगाज हो गया, जिसमें राष्ट्रमंडल के देशों के हजारों खिलाड़ी पदकों के लिए अपनी चुनौती पेश करेंगे।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

bhawani tiles
1 / 2
विज्ञापन
Share This Article
chhapratoday.com सारण जिले से संचालित सबसे पहली और लोकप्रिय न्यूज़ वेबसाइट है। वर्ष 2012 से यह अपने पाठकों/दर्शकों तक हर दिन सबसे पहले छपरा, सारण से लेकर देश, विदेश के ब्रेकिंग न्यूज़, लोकल घटनाएं, रेलवे टाइमिंग अपडेट, सरकारी योजनाएं, स्कूल-कॉलेज जानकारी, ट्रेंडिंग वीडियो, संस्कृति, त्यौहार और शहर के विकास से जुड़े हर अपडेट करती आ रही है। हर खबर, सबसे पहले, सबसे सटीक और विश्वसनीयता के साथ केवल chhapratoday.com पर पढ़ें।
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें