एएचटीयू की टीम ने बाल विवाह, बाल श्रम, गुड टच-बैड टच और हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी
Chhapra: सारण पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने सोमवार को पहाड़ीचक बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सोनपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, साइबर अपराध और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, गुड टच-बैड टच तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि, मानव तस्करी अथवा बच्चों एवं महिलाओं से जुड़े अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आपात स्थिति में डायल-112, 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) सहित अन्य हेल्पलाइन सेवाओं के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
एएचटीयू की टीम ने छात्र-छात्राओं से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि मानव तस्करी और अन्य सामाजिक अपराधों की रोकथाम में समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने मानव तस्करी एवं साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों तक यह जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।



















