Chhapra: भारत की जनगणना 2027 के लिए जनसंख्या गणना के प्री टेस्ट हेतु सोनपुर नगर परिषद में आयोजित प्रशिक्षण के अंतिम दिन प्रगणक और सुपरवाइजर ने रोल प्ले किया। वहीं निदेशालय की तरफ से भेजे गए प्रशिक्षकों ने फिल्ड में लोगों के मकान और दुकान पहुंचे और और जनगणना के दूसरे चरण में होने वाले जनसंख्या गणना से संबंधित प्रश्नों का लोगों से उनके मोबाइल द्वारा स्व-गणना कराया।
इसके पूर्व नप सभागार के प्रशिक्षणशाला में सहायक निदेशक शिवेन्द्र कुमार, डीसीओ की जिला नोडल आयुषी कुमारी व जुली कुमारी, ईओ सह चार्ज अधिकारी शशि कुमार तथा व्यवस्थापक रईस अहमद ने मकान गणना ब्लॉक का निर्माण किया. निदेशालय द्वारा बनाए गए सेल्फ एनुमरेशन के लिंक के माध्यम से डमी पोर्टल पर जाकर गृह स्वामी ने अपना व अपने परिवार का पूरा विवरण सफलता पूर्वक इंट्री किया.
नोडल अधिकारी संजीव कुमार व जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल के नेतृत्व में डीसीओ की टीम ने लोगों को प्रश्नों के उत्तर देने में सहायता की. कुल 40 प्रश्नों के उत्तर सेलेक्ट करने और फाइनल सबमिट करने के बाद गृह स्वामियों ने खुशी का इजहार किया. लोगों की धारणा बहुत ही सकारात्मक रही.
उन्होंने कहा कि यदि सेल्फ एनुमरेशन किया जाए तो परिवार के सदस्यों के बारे में अधिक सही और सटीक जानकारी दी जा सकती है. फिल्ड में सेल्फ एनुमरेशन करने के लिए टीम के पहुंचने पर लोगों में जहां जिज्ञासा का माहौल देखने को मिला वहीं टीम का लोगों ने स्वागत किया. मोबाइल फ्रेंडली लोगों विशेष तौर पर युवाओं ने सेल्फ एनुमरेशन को काफी सकारात्मक तरीके से लिया. फिल्ड से लौटने के बाद सेल्फ एनुमरेशन टीम ने अपना अनुभव सभी प्रशिक्षुओं से साझा किया.
रोल प्ले से हुआ मनोरंजन और क्षमता-वर्धन
दूसरी तरफ दो बैच के कुल 69 प्रगणक व सुपरवाइजर ने प्रशिक्षण के अंतिम दिन रोल प्ले किया. प्रशिक्षुओं में से कोई गृह स्वामी बना तो कोई प्रगणक. प्रगणक के किसी घर में पहुंचने, अभिवादन करने, अपने आने का उद्देश बताने और जनगणना के महत्व को उजागर करने के दृश्य ने प्रशिक्षण शाला का माहौल काफी मजेदार और रोमांचक बना दिया. अभिनय का सहारा लेते हुए प्रगणक ने परिवार में मौजूद कुल सदस्य, उनके नाम, आयु, शिक्षा, पेशा समेत कुल 40 प्रश्न की जानकरी खेल खेल में हासिल कर ली. रोल प्ले के दौरान प्रगणक और सुपरवाइजर के द्वारा स्थानीय भाषा का प्रयोग, विनोद पूर्ण भाव भंगिमा और अभिनय से माहौल काफी उत्साहित हो गया. इस दौरान हर रोल प्ले के बाद प्रशिक्षकों ने जहां सुधार वाले बिंदुओं को उजागर किया वहीं अन्य प्रशिक्षुओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी.
लिया गया फीड बैक
प्रधान जनगणना अधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निदेशानुसार लिंक के माध्यम से क्विज प्रश्नों के द्वारा प्रशिक्षुओं के क्षमता संवर्धन की जांच की गयी. प्रशिक्षण समाप्ति पर सभी प्रशिक्षुओं से फीड बैक फॉर्म भरवाया गया. जिसमें प्रशिक्षण के स्तर, प्रशिक्षकों के प्रस्तुतीकरण, मजबूत और कमजोर पहलू, कमियां को बेहतर करने के सुझाव पूछे गए. प्रेरक प्रसंग के सवाल पर प्रशिक्षुओं ने निदेशालय के ट्रेनर और स्थानीय व्यवस्था की सराहना की. उक्त फीड बैक फॉर्म निदेशालय को भेजा जाएगा.
प्री टेस्ट की महत्वपूर्ण तिथियां
स्वगणना – 01 से 05 जुलाई
परिगणना – 06 से 18 जुलाई
बेघरों की गणना – 18 जुलाई रात्री
रिवीजन – 19 से 20 जुलाई



















