Patna: भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार के पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 6 जुलाई से 13 जुलाई तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी, जबकि प्रत्याशी नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई तय की गई है।
इस उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद 3 अगस्त को मतगणना होगी और इसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उपचुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। अब सभी राजनीतिक दलों ने चुनावी रणनीति तेज कर दी है और उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी। हाल ही में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उन्होंने विधायक पद छोड़ दिया और राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। उनके इस्तीफे के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।



















