छपरा: भारतीय जनता पार्टी, सारण द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के साथ सामूहिक रूप से सुना गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देश की उपलब्धियों, आत्मनिर्भरता तथा जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण तथा हाल ही में संपन्न अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सफलता का उल्लेख करते हुए देशवासियों को प्रेरित किया।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता प्रकाश रंजन नीकू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना के तहत किसी बीमित व्यक्ति की दुखद मृत्यु की स्थिति में उसके निकटतम परिजन को दो लाख रुपये तक का बीमा लाभ उपलब्ध कराया जाता है।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन की आवाज बन चुका है। यह कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण, सेवा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति लोगों को जागरूक और प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को विकास और जनभागीदारी से जोड़ने का संकल्प लिया।



















