Patna: बेगूसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों एवं वाहन चालक के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक बताते हुए कहा कि यह अपूरणीय क्षति पूरे पुलिस परिवार के लिए गहरा आघात है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में दिवंगत आत्माओं की चिर शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में बिहार सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। घटना के बाद पुलिस विभाग एवं प्रशासनिक महकमे में शोक का माहौल है।
पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे थे मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्ष
पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों की बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बजे सड़क हादसे में मौत हो गई है।
मृतकों में उदाकिशुनगंज अनुमंडल के रतवारा थाना अध्यक्ष सजन कुमार, अरार थाना अध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र तथा मधेपुरा अनुमंडल के बेलारी थाना अध्यक्ष नीरज कुमार शामिल हैं। दुर्घटना में वाहन चालक की भी मौत की सूचना है।
बताया जा रहा है कि 10-11 जून यानी दो दिवसीय प्रशिक्षण के उपरांत गुरुवार शाम तीनों थानाध्यक्ष कार से वापस मधेपुरा के लिए रवाना हुए। कार निजी चालक ज्योतिष कुमार चला रहा था। रात एक बजे बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल के समीप एनएच पर खड़े ट्रक में कार घुस गई। हादसे में तीनों थानाध्यक्ष और कार चालक की मौत हो गई।



















