Chhapra: शहर के मुफ़स्सिल थाना क्षेत्र के मेथवलिया चौक से चनचौरा जाने वाली सड़क पर अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह की रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों के द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक अन्य घायल है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
इस घटना के संबंध में सारण पुलिस ने बताया कि दिनांक-28/29.06.2026 की रात्रि में गश्ती के दौरान लगभग 12:20 बजे मेथवलिया चौक से चनचौरा जाने वाली सड़क पर एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी होने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की गई, जहां दो व्यक्ति घायल अवस्था में पाए गए जिनकी पहचान पंकज राय एवं मनीष कुमार, दोनों निवासी ग्राम मेथवलिया, थाना-मुफ्फसिल, जिला-सारण के रूप में हुई।
प्रथम दृष्टया जांच के क्रम में दोनों व्यक्तियों के शरीर पर गोली लगने के जख्म पाए गए। दोनों घायलों को उपचार हेतु सदर अस्पताल, छपरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा जख्मी पंकज राय को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायल मनीष कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार हेतु पटना रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 द्वारा स्वयं परिजनों से मुलाकात एवं घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन पर कांड के त्वरित उद्भेदन एवं अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष अनुसंधान दल (SIT) टीम का गठन किया गया है। SIT टीम द्वारा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं पर गहन अनुसंधान करते हुए लगातार छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्राप्त हुआ है कि मृतक पंकज राय मुफ्फसिल थाना कांड संख्या-336/2024 के गवाह थे। उक्त कांड में उनकी गवाही पुलिस सुरक्षा में न्यायालय में कराई गई थी। साथ ही उनकी सुरक्षा के दृष्टिगत नियमित पुलिस गश्ती एवं स्थानीय चौकीदार के माध्यम से निगरानी की जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि घायल मनीष कुमार से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के आधार पर दो व्यक्तियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने हेतु अब तक आवेदन अथवा फर्दबयान प्राप्त नहीं हुआ है। घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है तथा पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी की कार्रवाई लगातार की जा रही है।
घटना के बात इलाके में सनसनी है। गौरतलब है कि पंकज वर्ष 2024 में अधिवक्ता राम अयोध्या राय और उनके पुत्र अधिवक्ता सुनील कुमार राय मर्डर केस के गवाह थे। पुलिस मौके पर कैम्प कर रही है।



















