Chhapra: विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा की शहरी और ग्रामीण इलाकों में धूम रही। सुबह से ही विभिन्न पूजा समिति के साथ शैक्षणिक संस्थानों और घरों में मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की गई। सबसे ज्यादा उत्साह स्कूली बच्चों और युवाओं में देखा गया।सुबह से ही स्कूली बच्चे और युवा स्नान कर नए परिधानों में मां सरस्वती की आराधना में जुट गए। खुद से पूजा पंडाल का निर्माण कर अपने कल्पनाशीलता के आधार पर युवाओं ने साज सज्जा कर मां शारदे की प्रतिमा को स्थापित किया और श्रद्धा भाव के साथ पूजा आराधना की।
शहर के हरेक गली मुहल्ले से लेकर ग्रामीण इलाकों में मां सरस्वती की आराधना और स्तुति से वातावरण गुंजायमान रहा।युवाओं और बच्चों ने रातभर जागकर पूजा पंडाल को अंतिम रूप देने के साथ ही उनके साज सज्जा में लगे रहे।
शिल्पकारों के पास से रातभर पूजा समिति और शैक्षणिक संस्थानों के सदस्यों का प्रतिमा ले जाने का सिलसिला जारी रहा। मां शारदे और वीणावादिनी के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
बसंत पंचमी के मौके पर कई पूजा समिति की ओर से भजन और संस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विविध प्रकार के बच्चों के बीच प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।जिसमें बच्चों और छात्र छात्राओं ने बढ़ चढकर भाग लिया।










