Chhapra: सारण जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रिविलगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध हथियार एवं जिंदा कारतूस बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के दौरान दिनांक 10/11 जून 2026 की रात रिविलगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम नबीगंज बिनटोली निवासी गणेश महतो एवं मिथुन कुमार चोरी की एक मोटरसाइकिल अपने घर में छिपाकर उसे खपाने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और दोनों आरोपितों को एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। वाहन से संबंधित कागजात मांगने पर दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में सामने आया कि मोटरसाइकिल चोरी की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त गणेश महतो के कब्जे से बरामद मोबाइल की जांच के दौरान उसमें अवैध हथियार एवं कारतूस से संबंधित वीडियो मिले। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करता है तथा दियारा क्षेत्र में शराब कारोबार की सुरक्षा के लिए हथियारों का इस्तेमाल किया जाता था।
पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि 8 जून 2026 को जानटोला दियारा क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई के दौरान कथित रूप से पुलिस टीम को रोकने और शराब कारोबार बचाने के उद्देश्य से उसके सहयोगियों द्वारा फायरिंग की गई थी।
अभियुक्त की निशानदेही पर जानटोला दियारा क्षेत्र में छापेमारी कर मिट्टी में छिपाकर रखा गया एक देसी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इस संबंध में रिविलगंज थाना कांड संख्या-335/26, दिनांक 11.06.2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 317(2) तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



















