Chhapra: ऐतिहासिक चिरांद स्थित बंगाली बाबा घाट पर सोमवार को आयोजित चिरांद चेतना महोत्सव एवं गंगा गरिमा रक्षा संकल्प समारोह धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गंगा संरक्षण का अनूठा संगम बनेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी करेंगे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में गंगासमग्र के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष, गंगा संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा पर अपने विचार रखेंगे।
कार्यक्रम में परम पूज्य श्रीश्री 1008 देवेन्द्र ब्रह्मचारी जी महाराज (श्री मौनी बाबा), लक्ष्मण किलाधीश महंत मैथिली रमन शरण महाराज तथा विधान पार्षद इंजीनियर सच्चिदानंद राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह का सबसे आकर्षक क्षण काशी से आए 11 बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य गंगा महाआरती होगा, जिससे पूरा घाट आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो उठेगा।
परिषद के सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष प्रस्तुति होगी। कथक नृत्यांगना कुमारी अनिशा, कलाकार राहुल नारायण की नृत्य-नाटिका, बटोहिया गीत, लोकगीत, भजन तथा बंटी सिंह बाबला एंड टीम की संगीतमय झांकी श्रद्धालुओं का मन मोह लेगी। वहीं गायिका नंदनी की प्रस्तुति कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
सांस्कृतिक अध्यक्ष धनंजय मिश्रा ने अधिक से अधिक लोगों से समारोह में शामिल होकर गंगा संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।


















