Breaking News

गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक

3 Min Read

Chhapra: गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य समारोह राजेन्द्र स्टेडियम, छपरा में होगा आयोजित

जिले का मुख्य समारोह राजेन्द्र स्टेडियम, छपरा में आयोजित किया जाएगा, जहां मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 9 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातःकाल प्रभातफेरी निकाली जाएगी, जिसकी पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का दायित्व जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपा गया है।

विभिन्न विभागों की झांकियां निकाली जाएंगी

मुख्य समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों की झांकियां निकाली जाएंगी। झांकी की विषयवस्तु एवं प्रस्तुतीकरण के निर्धारण के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में गठित समिति निर्णय लेगी। इसके साथ ही परेड की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त एवं अपर समाहर्त्ता की संयुक्त समिति द्वारा चयन किया जाएगा।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में दोपहर में फैंसी क्रिकेट मैच तथा संध्या में प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए कलाकारों, दलों एवं प्रस्तुतियों के चयन को शीघ्र अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया।

स्वतंत्रता सेनानियों को किया जाएगा सम्मानित

बैठक में यह भी तय किया गया कि स्वतंत्रता सेनानियों को उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया जाएगा, जिसके लिए पूर्व से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके अलावा जिले के विभिन्न महादलित टोलों में भी झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें जिले के वरीय पदाधिकारी भाग लेंगे।

साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम को विशेष निर्देश दिए गए हैं। वहीं आमंत्रण पत्रों के मुद्रण एवं वितरण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य प्रबंधों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें