डिब्रुगढ़–गोमती नगर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 30 जनवरी से
वाराणसी, 22 जनवरी 2026: गाड़ी संख्या 15949/15950 डिब्रुगढ़–गोमती नगर–डिब्रुगढ़ अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस अब नियमित चलेगी। यह ट्रेन डिब्रुगढ़ से 30 जनवरी 2026 तथा गोमती नगर से 01 फरवरी 2026 से संचालित होगी।
गाड़ी संख्या 15949 डिब्रुगढ़–गोमती नगर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को डिब्रुगढ़ से 21.00 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन 13.30 बजे गोमती नगर पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में गुवाहाटी, न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा (02.50 बजे), सीवान, गोरखपुर, अयोध्या कैंट सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 15950 गोमती नगर–डिब्रुगढ़ अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को गोमती नगर से 18.40 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन 12.40 बजे डिब्रुगढ़ पहुंचेगी। वापसी यात्रा में यह ट्रेन छपरा स्टेशन पर सुबह 05.20 बजे पहुंचेगी।
20 कोच लगाए जाएंगे
रेलवे के अनुसार इस अमृत भारत ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 07 शयनयान श्रेणी, 10 साधारण द्वितीय श्रेणी, 02 एस.एल.आर.डी. तथा 01 पेंट्रीकार शामिल हैं।
अमृत भारत एक्सप्रेस अत्याधुनिक एवं किफायती रेल यात्रा की नई परिकल्पना का प्रतीक है। यह स्वदेशी ट्रेन कवच प्रणाली, सेमी ऑटोमैटिक कपलर, क्रैश ट्यूब, ईपी-असिस्टेड ब्रेक सिस्टम, सील्ड गैंगवे एवं वैक्यूम एवैक्यूएशन सिस्टम जैसी आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से युक्त है।
दिव्यांगजनों के लिए विशेष शौचालय
साथ ही इसमें दिव्यांगजनों के लिए विशेष शौचालय, फास्ट चार्जिंग पोर्ट और पेंट्री कार की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।








