Chhapra: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर 15 नवंबर की शाम को छपरा के पास ग्राम डुमरसन स्थित बाबू ब्रजेन्द्र बहादुर के पुश्तैनी पोखरे पर अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया गया। गाँव के बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती इसमें शामिल हुए। पूरे परिसर में छठ के पारंपरिक गीत गूँजते रहे और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
प्रवीर कृष्ण, आई ए एस (सेवा निवृत) ने बताया की डुमरसन में उनके परिवार की ओर से गाँव के लोगों के लिए छठ पूजा का आयोजन कम से कम 75 वर्षों से हो रहा है। पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही यह परंपरा आज भी उसी निष्ठा से निभाई जा रही है। यह आयोजन पूरे डुमरसन को आस्था और आपसी भाईचारे के एक सूत्र में बाँधता है।
इस अवसर का एक विशेष महत्व भी रहा। जिस पोखरे और मंदिर के तट पर अर्घ्य दिया गया, वे सन् 1811 में बने थे, यानी लगभग 215 वर्ष पुराने हैं। यह धरोहर आज फिर से बाबू ब्रजेंद्र बहादुर के परिवार द्वारा जीर्णोद्धार के उपरांत अपनी पुरानी भव्यता के साथ गर्व से खड़ी है। ग्रामवासियों ने इसे अपने पूर्वजों की विरासत को बचाने की दिशा में एक गौरवपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर कृष्ण, आई.ए.एस. ने कहा की हमारे परिवार के लिए यह गर्व की बात है कि डुमरसन समाज के साथ छठ मनाने की परंपरा पिछले 75 वर्षों से बिना रुके चल रही है। 1811 में बना यह पोखरा और मंदिर हमारे पूर्वजों की आस्था और दूरदर्शिता का प्रतीक है। इन्हें फिर से उनके पुराने रूप में देखना हम सबके लिए भावुक पल है। आशेश्वर महादेव से यही प्रार्थना है कि पुरखों का आशीर्वाद और कृपा हम सब पर बनी रहे।” कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने छठी मैया से सबकी सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

















