पटना, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार सारण जिले के पानापुर प्रखंड में ड्राई राशन के एयर ड्रॉप हेतु स्टेट हैंगर, पटना से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी।
इस दौरान पटना के जिलाधिकारी मौके पर उपस्थित रहे तथा राहत सामग्री के एयर ड्रॉप से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया।
मुख्य सचिव, बिहार प्रत्यय अमृत के मार्गदर्शन एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल के निर्देशानुसार विभागीय संयुक्त सचिव अविनाश कुमार एवं कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन विभाग, मो. आसिफ इकबाल भी मौके पर उपस्थित रहे तथा राहत सामग्री के एयर ड्रॉप से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि जिला प्रशासन, सारण द्वारा आज अतिरिक्त राशन पैकेट्स की मांग की गई। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए गोरखपुर से हेलीकॉप्टर मंगवाया गया है, जिसके माध्यम से आवश्यक राशन पैकेट्स को एयर ड्रॉप हेतु भेजा जा रहा है।

















