Chhapra: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की जिला इकाई की बैठक स्थानीय होटल रामबाग बैंक्विट, उत्तरी दहियावां टोला में आयोजित की गई।
बैठक के साथ संगठन की ओर से अखंड भारत दिवस भी मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र संगठन मंत्री विजय प्रताप मुख्य अतिथि तथा उत्तर बिहार प्रांत के अध्यक्ष संजीव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर क्षेत्र संगठन मंत्री विजय प्रताप ने कहा कि अंग्रेजी शासन और पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान भारत के इतिहास के साथ छेड़छाड़ की गई तथा लोगों को अपने गौरवशाली अतीत के बारे में सही जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि भारत ने विश्व को शून्य और दशमलव की महत्वपूर्ण जानकारी दी। भारतीय ऋषि-मुनियों ने अपने जीवन का त्याग कर देश और समाज के निर्माण में योगदान दिया तथा मानव कल्याण के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया।
उन्होंने हिंदू समाज के सामने मौजूद विभिन्न चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के माध्यम से ही समाज को मजबूत बनाया जा सकता है। क्षेत्रवाद और जातिवाद जैसी संकीर्णताओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।
विजय प्रताप ने हिंदू समाज के सामने धर्मांतरण और लव जिहाद को प्रमुख चुनौतियों में शामिल बताते हुए कार्यकर्ताओं से संगठित होकर सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
प्रांत अध्यक्ष संजीव ने बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया तथा क्षेत्र संगठन मंत्री द्वारा बताए गए मार्ग पर संगठन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक का समापन प्रांत कोषाध्यक्ष सह जिला अध्यक्ष छपरा सुमित कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री रविकांत, जिला मंत्री वसंत कुमार सोनू, जिला सह मंत्री प्रभात कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष विनोद सिंह, जिला संयोजक अनुज कुमार, जिला मातृशक्ति प्रमुख माधुरी सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















