Chhapra: जयप्रकाश विश्वविद्यालय के परिसर में मंगलवार को उस समय अफरा तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब असामाजिक तत्वों ने कुलपति प्रो परमेंद्र कुमार बाजपेई के ऊपर अचानक मोबिल फेंक दिया। इस घटना से परिसर में उपस्थित लोग स्तब्ध रह गए।
मिली जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब कुलपति प्रो परमेंद्र कुमार बाजपेई विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचे थे और वहाँ स्थापित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा को नमन कर वापस प्रशासनिक भवन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात असामाजिक तत्वों ने अचानक उनके पास आकार उन पर मोबिल फेंक दिया। अचानक हुए इस घटना को लेकर कोई कुछ समझ पाता तब तक आरोपित मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनाक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर छानबीन शुरू किया। विश्वविद्यालय द्वारा पुलिस को इस पूरे मामले की जानकारी दी गई है, जिसके आधार पर मुफस्सिल थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
घटना की पुष्टि करते हुए जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो परमेन्द्र कुमार बाजपेई ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्राथमिक दर्ज कराने की प्रक्रियाएं की जा रही है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया और परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। आए दिन विश्वविद्यालय में छात्रों, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों द्वारा अपनी-अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय में गतिरोध उत्पन्न होती रहती हैं।
इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना जहां हुई वहाँ से काफी दूरी पर मुख्य द्वार है जहां भी सुरक्षा कर्मी मौजूद रहते हैं, ऐसे में कुलपति पर मोबिल फेंक कर आरोपित आखिर कैसे आराम से फरार हो गए यह भी सवाल के घेरे में है।



















