पार्किंग, जल निकासी और सड़क सुधार के दिए निर्देश, मरीजों की सुविधाओं का भी लिया जायजा
Chhapra: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को सदर अस्पताल रोड का औचक निरीक्षण कर सड़क, पार्किंग और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल के लिए चिन्हित पार्किंग क्षेत्र को सुव्यवस्थित ढंग से विकसित करने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए प्रभावी ड्रेनेज प्रणाली तैयार करने तथा सदर अस्पताल रोड की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्य बेहतर यातायात प्रबंधन (ट्रैफिक प्लानिंग) के साथ किए जाएं, ताकि निर्माण कार्य के दौरान भी आम नागरिकों और अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों और उनके परिजनों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहें। साथ ही अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, जिससे अस्पताल आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।



















