Chhapra: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी, शिक्षाविद् डॉ. राहुल राज ने सारण जिले के नगरा प्रखंड में आयोजित विशेष बैठक में शिक्षकों की विभिन्न लंबित एवं ज्वलंत समस्याओं को लेकर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ विस्तृत चर्चा की।
बैठक में विशेष रूप से अनुदानित विद्यालयों के साथ-साथ सभी श्रेणी के शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक के दौरान विशेष रूप से अनुदानित शिक्षकों को नियमित वेतनमान एवं सम्मानजनक सेवा-सुविधा दिलाने, वर्षों से लंबित अनुदान एवं वेतन संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान, लंबित एरियर का भुगतान, शिक्षकों की प्रोन्नति एवं अन्य सेवा-संबंधी मामलों के शीघ्र निष्पादन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि अनुदानित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे शिक्षक और कर्मचारी किसी भी दृष्टि से अपने अधिकारों से वंचित नहीं रह सकते। उनके सम्मान, सेवा-सुरक्षा, वेतनमान एवं भविष्य को सुरक्षित करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका समयबद्ध एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित होना चाहिए।
प्रमंडलीय अध्यक्ष शंकर प्रसाद यादव ने बैठक में कहा कि शिक्षकों की हर जायज समस्या के समाधान के लिए डॉ. राहुल राज व्यक्तिगत स्तर से लेकर शासन एवं विभाग के उच्चतम स्तर तक लगातार आवाज उठाते रहे है और आगे भी इसी प्रकार संघर्षरत रहेंगे जब तक स्थायी समाधान सुनिश्चित न हो। अनुदानित शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को विशेष प्राथमिकता देते हुए डॉ. राहुल राज ने शीघ्र सकारात्मक पहल एवं समाधान का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की समस्याओं का समाधान केवल चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि मेरी प्रतिबद्धता और संकल्प है। शिक्षक सम्मान, सेवा-सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मैं पूरी मजबूती के साथ खड़ा हूं और समस्याओं के समाधान तक प्रयास जारी रखूंगा।
नगरा प्रखंड में आयोजित इस विशेष बैठक में प्रमंडलीय अध्यक्ष शंकर प्रसाद यादव, प्रमंडलीय शिक्षक नेता रजनीकांत सिंह,शाहनवाज आलम, योगेंद्र राम, प्रभु बैठा, कुमार अर्नज, मोमताज आलम, मकसूद आलम, रवि तिवारी, संतोष पाण्डेय, सतीश कुमार सिंह, शम्भु कुमार सिंह,समेत वित्त रहित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षक-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शिक्षक साथी उपस्थित रहे।
सभी ने डॉ. राहुल राज के समक्ष अपनी समस्याएं एवं अपेक्षाएं विस्तार से रखीं तथा उनके द्वारा समस्याओं के समाधान हेतु किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की।



















