Chhapra: सारण फाउंडेशन द्वारा आयोजित सारण खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को राजेन्द्र स्टेडियम, छपरा में खेला गया। रोमांचक मुकाबले में छपरा की टीम ने गोरखपुर को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच के मुख्य अतिथि तरैया विधायक जनक सिंह एवं सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह रहे। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद अतिथियों ने मैच का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में विधायक जनक सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जिले की पहचान को नई ऊंचाई देते हैं तथा खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
वहीं सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह ने कहा कि सारण के युवाओं में अपार ऊर्जा और प्रतिभा है, जो ऐसे मंचों के माध्यम से सामने आती है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है तथा “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” जैसी पहल खिलाड़ियों को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए सारण फाउंडेशन एवं सारण खेल महोत्सव 2026 के अध्यक्ष शैलेन्द्र सेंगर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना है ताकि वे उत्साहपूर्वक खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर भाजपा विधायक महेश पासवान एवं छोटी कुमारी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री विवेक सिंह, रणवीर सिंह, सुमन सिंह, सुरेश प्रसाद सिंह, विक्की आनंद, मनोज संकल्प, अरदेन्दु शेखर, विकास सिंह, रवि राय, मनन राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पीकू राय ने किया।



















