Chhapra: सारण जिले में कुछ राजनीतिक दलों द्वारा दिनांक 25 जुलाई 2026 को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनज़र जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सजग है। जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार के नेतृत्व में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च नगर थाना चौक से प्रारंभ होकर नगरपालिका चौक, सरकारी बस स्टैंड, दरोगा राय चौक, हॉस्पिटल चौक होते हुए पुनः नगर थाना चौक तक निकाला गया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों से शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, किंतु कानून हाथ में लेने, सार्वजनिक अथवा निजी संपत्ति को क्षति पहुँचाने, यातायात एवं जनजीवन को बाधित करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ, अफवाहपूर्ण या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने की अनुमति किसी भी परिस्थिति में नहीं दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाओं का प्रसार न करें तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जिले में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


















