Chhapra: जलालपुर थानान्तर्गत हुए हत्याकांड का सारण पुलिस ने उद्भेदन किया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य सामग्री बरामद किये हैं।
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने रविवार को बताया कि दिनांक-13.09.2026 को जलालपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत दुबवलिया-बेलकुंडा चेवर में पक्की ग्रामीण सड़क के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। उक्त संबंध में जलालपुर थाना कांड संख्या-342/26, दिनांक-15.09.2026, धारा-103 (1)/238 बी०एन०एस० दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
उन्होंने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कांड का सफल उभेदन किया गया।
अनुसंधान के क्रम में मृतक की पहचान दीपक कुमार यादव, पिता-स्व० बदलू यादव, साकिन अगरौली, थाना-सिंघिया, जिला-समस्तीपुर के रूप में हुई। अनुसंधान के क्रम में हत्या का कारण पूर्व के प्रेम-प्रसंग से संबंधित विवाद एवं महिला अभियुक्त को फोटो / वीडियो के माध्यम से परेशान किए जाने से संबंधित होना प्रकाश में आया है।
कांड के अग्रतर अनुसंधान के क्रम में दिनांक-26.09.2026 को बनियापुर थाना क्षेत्रान्तर्गत हरिपुर से एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। महिला अभियुक्त की निशानदेही पर उसके भाई को बक्सर जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार पुरुष अभियुक्त की निशानदेही पर घटनास्थल से करीब 100 मीटर दक्षिण झाड़ी से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बेट लगा धारदार हशुआ बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त लोहे की पत्ती जैसा करीब 03 फीट लंबा रड, मोबाइल-03 एवं ट्रेन का जनरल क्लास टिकट जप्त किया गया। अग्रेतर विधि-सम्मत् कार्रवाई की जा रही है।


















