Chhapra: रेलवे सुरक्षा बल/छपरा, सीआईबी/छपरा, सीआईबी मुख्यालय/गोरखपुर एवं राजकीय रेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रेल यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के निर्देशन में निरीक्षक सीआईबी छपरा, प्रभारी निरीक्षक रे.सु.बल पोस्ट छपरा तथा निरीक्षक ट्रेन स्कॉर्ट गोरखपुर के सुपरविजन में सीपीडीएस टीम, रे.सु.बल पोस्ट छपरा, सीआईबी, छपरा, सीआईबी, HQ, FILD, गोरखपुर तथा जीआरपी छपरा की संयुक्त टीम द्वारा शुक्रवार 6 जून 2026 को छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर गश्त एवं आपराधिक गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी।
इस दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 02/03 के पूर्वी छोर स्थित शौचालय के पास से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह रेलवे स्टेशन छपरा जंक्शन पर आने वाली ट्रेनों में सोए हुए यात्रियों का मोबाइल चोरी करता था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राकेश कुमार (19 वर्ष), पिता स्वर्गीय हरिंदर, निवासी मुंशी पार्टी चौक जोगनिया कोठी, थाना नगर, जिला सारण के रूप में हुई है। आरोपी को दोपहर 2:50 बजे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी छपरा को सौंप दिया गया।
बरामद मोबाइल में एक एमआई एवं एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल शामिल है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है।



















