Chhapra: राजेन्द्र कॉलेज एलुमनाई एसोसिएशन की बैठक गुरुवार को राजेन्द्र कॉलेज परिसर में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 1976 बैच के पूर्ववर्ती छात्रों ने अपने जुड़ाव को याद करते हुए स्वर्ण जयंती वर्ष मनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर कॉलेज और पूर्व छात्रों के बीच संबंधों को और मजबूत करने तथा संस्थान के विकास में सक्रिय योगदान देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कॉलेज परिसर में एलुमनाई ऑफिस एवं एसोसिएशन द्वारा उपलब्ध कराए गए वाटर कूलर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में 1976 बैच के छात्र रहे सांसद सिग्रीवाल के साथ दरभंगा स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद सर्वेश कुमार, पूर्व सिविल सर्जन डॉ. सतीश कुमार सिंह, बिलासपुर से आईं इडा बोस (सिन्हा), डॉ. अरुण कुमार, छपरा के लोक अभियोजक सर्वजीत ओझा सहित कई पूर्ववर्ती छात्र उपस्थित रहे।
कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने सभी अतिथियों एवं पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि एलुमनाई की सक्रिय भागीदारी संस्थान के विकास को नई दिशा देगी।
अपने संबोधन में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि राजेन्द्र कॉलेज से उनका आत्मीय संबंध रहा है तथा व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में इस संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि एलुमनाई एसोसिएशन कॉलेज प्रशासन के साथ मिलकर संस्थान के विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
विधान पार्षद सर्वेश कुमार ने भी कॉलेज के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों ने अपने पुराने क्लासरूम में जाकर सहपाठियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
उल्लेखनीय है कि राजेन्द्र कॉलेज एलुमनाई एसोसिएशन का हाल ही में सोसायटी एक्ट के तहत विधिवत गठन किया गया है। गठन के बाद कार्यसमिति की यह पहली बैठक थी।
बैठक में अध्यक्ष ज्ञानेश वर्मा, सचिव राजीव रंजन शर्मा, उपसचिव डॉ. राकेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. सुनील प्रसाद, सदस्य डॉ. परेश कुमार एवं डॉ. इश्तेयाक अहमद उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अर्चना उपाध्याय ने किया।
इस अवसर पर अवध किशोर मिश्रा, डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. मृणाल चंद्र, डॉ. विकास कुमार, डॉ. कुमार गौरव, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. निधि कुमारी, डॉ. श्यामशरण, प्रधान सहायक हरिहर मोहन सहित कॉलेज परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।



















