Chhapra: जय भोला भंडारी सेवा दल (रजि.), छपरा के तत्वावधान में पवित्र अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का पहला जत्था शुक्रवार को छपरा जंक्शन से अमरनाथ एक्सप्रेस द्वारा रवाना हुआ।
यात्रियों की रवानगी से पूर्व छपरा जंक्शन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं को चंदन का तिलक लगाकर प्रसाद ग्रहण कराया गया।
इस अवसर पर अमरनाथ एक्सप्रेस को फूल-मालाओं एवं भगवा झंडों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। इसके बाद सेवा दल के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाओं के साथ हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। पूरे स्टेशन परिसर में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
सेवा दल की ओर से बताया गया कि यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालुओं के लिए शाम का नाश्ता, रात्रि भोजन, पेयजल, आम, केला, बिस्किट, नमकीन, मेवा, सत्तू तथा सेव-बुनिया सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई है। इस जत्थे का नेतृत्व सेवा दल के वरिष्ठ सदस्य जयंत गुप्ता, मुकेश कुमार, अमिष गुप्ता, रिशु, धन्नू बाबू, बब्लू गुप्ता, राजू कुमार एवं शिवजी रस्तोगी सहित अन्य सदस्य कर रहे हैं।
सेवा दल ने बताया कि वर्ष 2019 से जम्मू-कश्मीर के उधमपुर स्थित अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भी लगातार विशाल निशुल्क सेवा शिविर एवं भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
इस वर्ष यह छठा विशाल भंडारा आयोजित किया जा रहा है। यहां अमरनाथ यात्रियों के लिए निशुल्क भोजन, चाय, नाश्ता, पेयजल, जूस, स्नानघर, शौचालय, रात्रि विश्राम तथा प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।



















