Chhapra: सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने आर्म्स एक्ट से जुड़े एक मामले का उद्भेदन करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 की रात करीब 11 बजे सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम खवासपुर कला स्थित एक प्लानी में चार व्यक्ति एकत्र होकर हथियार और गोली के साथ किसी बड़े अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर डोरीगंज थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही सभी संदिग्ध अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद प्लानी की विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें तीन देशी कट्टा एवं 17 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इस संबंध में डोरीगंज थाना कांड संख्या 252/26, दिनांक 20 जून 2026 के तहत धारा 25(1-बी)ए/26/35 आर्म्स एक्ट तथा 111/3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
अनुसंधान एवं प्राप्त सूचना के आधार पर 23 जून 2026 को पुलिस ने छापेमारी कर मामले में संलिप्त आरोपित संतोष राय (पिता-स्वर्गीय सुखनंदन राय), निवासी बलवन्त टोला, थाना डोरीगंज, जिला सारण को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है तथा विधि-सम्मत प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
छापेमारी दल में डोरीगंज थाना के थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।



















