सहरसा, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं स्वच्छता अभियान के मद्देनजर किया जा रहा प्रयास सराहनीय है। गुरुवार को नगर निगम आयुक्त द्वारा कार्यालय में ब्रांड एंबेसडर सविता महतो को सम्मानित किया गया।
नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने कहा कि नगर निगम के लिए यह गर्व का क्षण है कि बिहार की गौरव, साइकिलिस्ट एवं पर्वतारोही सुश्री सबिता महतो को नगर निगम का स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने हेतु नामित किया गया है। सारण (छपरा), बिहार की रहने वाली सबिता महतो ने अपनी मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस से साइकिलिंग, पर्वतारोहण एवं लंबी दूरी की दौड़ के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है।
लद्दाख के उमलिंग ला जैसे चुनौतीपूर्ण मार्ग तक साइकिल यात्रा कर उन्होंने बिहार का मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियाँ विशेषकर युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।इस अवसर पर नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सम्मानित पार्षदगण एवं पार्षद प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।सबिता महतो को स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बनाने के संबंध में आगामी बोर्ड बैठक में विधिवत प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।
बोर्ड की स्वीकृति एवं निर्धारित प्रक्रिया के उपरांत उन्हें औपचारिक रूप से स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा।इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना तथा स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ सहरसा के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना है।इस अवसर पर नवनियुक्त ब्रांड एंबेसडर सविता महतो ने कहा कि आज बेहद खुशी व सौभाग्य का विषय है कि मुझे इस पद के लायक समझते हुए जिम्मेदारी सौपी गई है।इसका निर्वहन ईमानदारी पूर्वक करुंगा।
उन्होने युवाओं एवं महिलाओं से आह्वान किया कि स्वच्छ सहरसा, सुंदर सहरसा हम सबकी जिम्मेदारी है।आइये हम सब मिलकर सहरसा नगर निगम द्वारा चलाये जा रहे साफ सफाई अभियान में अपनी सहभागिता अवश्य निभायें।



















