Chhapra: विजयादशमी समारोह समिति, छपरा की एक महत्वपूर्ण बैठक कार्यकारी अध्यक्ष वरुण प्रकाश राजा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विजयादशमी समारोह को भव्य एवं आकर्षक बनाने, समिति को मजबूत करने तथा आयोजन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान छपरा के प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. एस.के. पाण्डेय को समिति का प्रधान संरक्षक बनाने का निर्णय लिया गया। वहीं, राजेश फैशन को प्रमुख सलाहकार मनोनीत किया गया।
बैठक में कुंवर जायसवाल, मनीष कुमार मनी, धनंजय सिंह तोमर, चंदन सिंह और धर्मेंद्र राय को भी विजयादशमी समारोह समिति का सदस्य बनाया गया।
60 फीट के रावण और 55 फीट के मेघनाथ का होगा दहन
समिति की बैठक में इस वर्ष विजयादशमी समारोह को विशेष आकर्षण के साथ आयोजित करने की योजना पर चर्चा हुई। इसके तहत रावण का 60 फीट और मेघनाथ का 55 फीट ऊंचा पुतला तैयार कराया जाएगा। समारोह में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोल्ड फायर आतिशबाजी के साथ बड़े शहरों की तर्ज पर आधुनिक आकाश आतिशबाजी का आयोजन भी प्रस्तावित है।
इसके अलावा, राजेंद्र स्टेडियम के अंदर और बाहर दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि समारोह में शामिल होने वाले लोगों को कार्यक्रम देखने में सुविधा हो।
नए पदाधिकारियों से समिति को मिलेगी मजबूती
कार्यकारी अध्यक्ष वरुण प्रकाश राजा ने कहा कि डॉ. एस.के. पाण्डेय को प्रधान संरक्षक और राजेश फैशन को प्रमुख सलाहकार बनाए जाने से समिति को अनुभवी मार्गदर्शन मिलेगा। इससे सामाजिक कार्यों और विजयादशमी समारोह के आयोजन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि समारोह को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय के साथ तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि डॉ. एस.के. पाण्डेय के अनुभव और मार्गदर्शन से विजयादशमी समारोह समिति को नई दिशा मिलेगी तथा आगामी कार्यक्रमों का आयोजन और बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।बैठक में डॉ. मनोज वर्मा संकल्प, श्याम बिहारी अग्रवाल, ददन राज, पवन अग्रवाल, सत्यप्रकाश गुप्ता, धर्मनाथ पिंटू, अजय प्रसाद, डॉ. विक्की आनंद, धर्मेंद्र राय, शंकर देव सिंह, एस. जेड. रिजवी, राजेश उपाध्याय, अनिल कुमार, संतोष सिंह और मनोरंजन पाठक सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



















