Chhapra: सारण जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
दिनांक 05 सितंबर 2026 को शाम 05:00 बजे तक प्राप्त बाढ़ दैनिक स्थिति प्रतिवेदन के अनुसार जिले के 07 प्रखंडों के 35 पंचायत/नगर पंचायत क्षेत्रों के 109 गांव बाढ़ प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में कुल 2,12,599 की आबादी प्रभावित हुई है। प्रभावित आबादी में से 1,200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर निष्क्रमित किया गया है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं राहत-बचाव कार्यों के लिए 119 नावों का परिचालन किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 06 बोट एंबुलेंस भी संचालित हैं। प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल टीमों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार बीमार एवं जरूरतमंद लोगों को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अब तक 5,132 खाद्य/ड्राई राशन पैकेट वितरित किए गए हैं। बाढ़ राहत शिविरों में भी प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में 08 राहत शिविर संचालित हैं, जहां 598 लोग रह रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के संरक्षण एवं सुरक्षा की भी समुचित व्यवस्था की गई है। पशुओं के लिए 02 पशु आश्रय स्थल संचालित हैं, जहां 339 पशुओं को आश्रय दिया गया है। पशु आश्रय स्थलों एवं प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं की देखभाल, आवश्यक उपचार तथा पशु चिकित्सा सेवाएं एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव संसाधनों को प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन की पूरी टीम बाढ़ प्रभावित लोगों एवं उनके पशुधन की सुरक्षा तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार सक्रिय है।



















