Chhapra: सारण फाउंडेशन द्वारा आयोजित सारण खेल महोत्सव के तहत होने वाले सारण प्लेयर्स लीग का फाइनल मैच राजेन्द्र स्टेडियम में खेला गया। मैच में नैनी रॉयल्स ने सांगा क्लब छपरा को 25 रनों से हराया। प्रवीण कुमार मैन ऑफ द मैच और हसरत खान मैन ऑफ द सीरीज रहे। मैच के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मंगल पांडेय थे। श्री पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन जिले में खेल संस्कृति को बढ़ाते हैं, ऐसे ही आयोजन से युवाओं में उनके प्रतिभा का विकास होता है जो आगे बढ़कर जिले और राज्य का नाम करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह ने कहा कि सारण के युवाओं में असीम ऊर्जा है जो ऐसे आयोजनों के माध्यम से उभर कर सामने आती है, बिहार सरकार भी ऐसे भी प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का कार्य करती है और मेडल लाओ नौकरी पाओ के माध्यम से उचित सम्मान भी देती है।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए सारण फाउंडेशन व सारण खेल महोत्सव 2026 के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह सेंगर ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा क्षेत्र के युवाओं के प्रतिभा को जागृत करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष आयोजन कराया जाता है जिससे उनको एक मंच मिल सके और उत्साह के साथ अपने प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले के साथ राज्य और देश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. एस के पाण्डेय, सारण क्रिकेट एसोसिएशन संघ के अध्यक्ष अन्नू सिंह , भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक, जगदम कॉलेज के प्राचार्य के पी श्रीवास्तव, गंगा सिंह कॉलेज के प्राचार्य प्रमेन्द्र रंजन, अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष अजीत कुमार तिवारी, डॉ. पंकज सिंह, जेडीयू के जिलाध्यक्ष वैद्यनाथ प्रसाद विकल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, जिला महामंत्री विवेक सिंह, रणजी क्रिकेटर रौशन राज, भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ आशुतोष कुमार, विश्वजीत चंदेल, चरण दास, वरुण सिंह, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शुभम वर्मा, रणवीर सिंह, सुमन सिंह, सुरेश प्रसाद सिंह, विक्की आनंद, मनोज संकल्प, अरदेन्दु शेखर आदि प्रमुख रहे।





















