फतेहाबाद: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के पहले चरण के समापन के बाद अब नोटिस एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के 1 लाख 6 हजार 630 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस केवल उन्हीं मतदाताओं को जारी किए जाएंगे, जिनकी एसआईआर के दौरान मैपिंग में त्रुटि पाई गई है या जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी। संबंधित मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच के बाद ही उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इन मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज लेकर उनका सत्यापन किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके। डीसी ने बताया कि 31 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जा चुका है, जिसे जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी देखा जा सकता है। जिन मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने हैं, वे 31 जुलाई से 30 अगस्त तक अपने दस्तावेज जमा करा सकते हैं। वहीं, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 28 सितंबर तक चलेगी तथा 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 प्रकार के दस्तावेजों में से कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सकेंगे। इनमें राज्य सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र, पासपोर्ट, मान्यता प्राप्त बोर्डों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, वन अधिकार प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर, स्थानीय निकाय का परिवार रजिस्टर, सरकार द्वारा जारी भूमि या मकान आवंटन प्रमाण-पत्र सहित अन्य निर्धारित दस्तावेज शामिल हैं।50 हजार से अधिक मतदाता एएसडीडी श्रेणी मेंडीसी डा. विवेक भारती ने बताया कि एसआईआर के दौरान जिले के 50 हजार 568 मतदाताओं के नाम एएसडीडी यानि ऐब्सेंट, शिफ्टेड , डेड , डुप्लीकेट श्रेणी में दर्ज किए गए हैं। इनमें फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के 20,796, रतिया के 17,863 तथा टोहाना के 11,909 मतदाता शामिल हैं। जिले में मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन किया गया है। इसके तहत जिले में 59 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अब जिले में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 708 से बढक़र 767 हो गई है।1200 मतदाताओं पर एक मतदान केंद्र बनाया गया है। डीसी ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 6 लाख 59 हजार 694 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 3 लाख 48 हजार 669 पुरुष, 3 लाख 10 हजार 10 महिला तथा 15 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार फतेहाबाद में 2,35,739, टोहाना में 2,16,404 तथा रतिया में 2,07,551 मतदाता हैं। डीसी डा. विवेक भारती ने बताया कि जिन नागरिकों की आयु 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।
एसआईआर : फतेहाबाद में अब 1.06 लाख मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस
chhapratoday.com सारण जिले से संचालित सबसे पहली और लोकप्रिय न्यूज़ वेबसाइट है। वर्ष 2012 से यह अपने पाठकों/दर्शकों तक हर दिन सबसे पहले छपरा, सारण से लेकर देश, विदेश के ब्रेकिंग न्यूज़, लोकल घटनाएं, रेलवे टाइमिंग अपडेट, सरकारी योजनाएं, स्कूल-कॉलेज जानकारी, ट्रेंडिंग वीडियो, संस्कृति, त्यौहार और शहर के विकास से जुड़े हर अपडेट करती आ रही है। हर खबर, सबसे पहले, सबसे सटीक और विश्वसनीयता के साथ केवल chhapratoday.com पर पढ़ें।भौगोलिक संदर्भ















