सुहानी ने दो स्वर्ण जीतकर किया कमाल, नंदनी ने स्वर्ण और कांस्य, अयांश ने रजत पदक किया अपने नाम
Chhapra: पटना सिटी के अरोरा हाउस कैंपस, हाजीगंज में 18 और 19 जुलाई को आयोजित 9वीं बिहार राज्य कराटे चैंपियनशिप-2026 में सारण जिला कराटे महासंघ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक सहित कई पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
सब जूनियर (10-11 वर्ष) गर्ल्स अंडर-30 किलोग्राम वर्ग में सुहानी कुमारी ने कुमिते (फाइटिंग) और काता दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरा खिताब अपने नाम किया। वहीं गर्ल्स कैडेट 47 किलोग्राम वर्ग में नंदनी ने काता में स्वर्ण तथा कुमिते में कांस्य पदक हासिल किया।
सब जूनियर बॉयज (8-9 वर्ष) अंडर-20 किलोग्राम वर्ग में अयांश ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसके अलावा अमृता राज, उत्कर्ष, लकी कुमार, खुशबू कुमारी एवं अंकुश कुमार ने विभिन्न भार वर्गों में रजत पदक जीते। वहीं आशीष कुमार, मिनतोष कुमार, हर्ष राज, सौम्या श्री, अदिति कुमारी और अनंत सौंदर्य ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
सारण जिला कराटे महासंघ के अनुसार खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कई पदक विजेताओं के राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए चयन की संभावना है।
प्रतियोगिता में सारण टीम के साथ ऑफिशियल के रूप में अनिल कार्की, रौनक कुमार एवं प्रिया कुमारी मौजूद रहे, जबकि खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कोच विशाल कुमार ने किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं, कोच एवं टीम अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।



















