Bagha/Chhapra: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षाविद्, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. राहुल राज ने बुधवार को पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल के विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करने का भरोसा दिलाया।
विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर शिक्षकों से किया संवाद, राज्यकर्मी शिक्षकों को पूर्ण वेतनमान, पुरानी पेंशन
शिक्षकों को संबोधित करते हुए डॉ. राहुल राज ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की मजबूती का आधार शिक्षक हैं। इसलिए उनके सेवा-संबंधी अधिकारों की रक्षा तथा लंबित समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय के शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा मिलने के बाद अब उन्हें पुराना पूर्ण वेतनमान, वित्तीय उन्नयन, समयबद्ध प्रोन्नति, अर्जित इंडेक्स के आधार पर वेतन निर्धारण, विशेष वार्षिक वेतन वृद्धि, पुरानी पेंशन योजना सहित सभी सेवांत लाभ उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
समयबद्ध प्रोन्नति एवं 65 वर्ष सेवानिवृत्ति की मांग दोहराई
उन्होंने विद्यालय से लेकर महाविद्यालयों तक सभी शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इस मांग को लेकर वे लगातार आवाज़ उठाते रहेंगे। साथ ही उन्होंने वित्तरहित शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को नियमित वेतनमान देने, मदरसा एवं संस्कृत विद्यालयों की समस्याओं के स्थायी समाधान तथा सरकारी विद्यालयों में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को मान्यता प्राप्त आईटीआई संस्थानों से जोड़ने की आवश्यकता भी बताई।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि महाविद्यालयों के शिक्षकों की सेवा-संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रभावी पहल की जाएगी, ताकि उच्च शिक्षा से जुड़े शिक्षकों को समान सम्मान और अधिकार मिल सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की आवाज़ को सरकार और नीति-निर्माताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनका संकल्प है तथा किसी भी शिक्षक को उसके अधिकारों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
संवाद कार्यक्रम के दौरान नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय तथा विभिन्न सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों ने भी अपनी समस्याओं और सुझावों से उन्हें अवगत कराया।
कार्यक्रम में प्रमंडलीय अध्यक्ष श्यामा प्रसाद राव ने डॉ. राहुल राज की शिक्षक हितों के प्रति प्रतिबद्धता और सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहे। उपस्थित शिक्षकों ने भी विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. राहुल राज शिक्षक सम्मान, अधिकारों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था के सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर प्रमंडलीय अध्यक्ष श्यामा प्रसाद राव, शिक्षक नेता उमेश राम, जाकिर हुसैन, रामाशंकर चौधरी, रूपेश कुमार, सौरभ कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।



















