Chhapra: 52वीं बिहार राज्य जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता में सारण जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में सारण की टीम ने बक्सर को पराजित कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की। ऐतिहासिक जीत के बाद सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विजेता टीम को अपने कार्यालय कक्ष में आमंत्रित कर सम्मानित किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर भारतीय कबड्डी महासंघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रमाकांत सिंह सोलंकी ने टीम की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सारण के लिए गर्व का क्षण है। खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है कि सारण की टीम पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की विजेता बनी है। +
उन्होंने बताया कि टीम के कई प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बिहार राज्य की टीम में होने की संभावना है। उन्होंने जिले में खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास के लिए एक समर्पित खेल मैदान उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सारण जिले के युवा खेल के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य सरकार की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जबकि कई प्रखंडों में स्टेडियम निर्माण का कार्य भी चल रहा है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खेल एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपनी प्रतिभा को निखारें तथा परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें।
सम्मान समारोह में टीम के कप्तान शुभम कुमार, आदित्य कुमार, अंकित कुमार, रितेश कुमार, अनुराग कुमार, हर्ष कुमार, गोविंद कुमार, रितिक कुमार, आर्यन कुमार, प्रशिक्षक हिमांशु, देव कुमार सिंह, डॉ. हरेंद्र कुमार सिंह, सभापति बैठा, धनंजय कुमार, सुरभित दत्त, राकेश कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार, दीपक कुमार, रितेश कुमार एवं दीपू कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



















