Chhapra: बिहार ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय, छपरा द्वारा नैनी में जनप्रतिनिधि समन्वय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सारण जिले के जनप्रतिनिधियों एवं बैंक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय समावेशन एवं विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष जयमित्रा देवी, प्रदेश मुखिया संघ के अध्यक्ष मिथिलेश राय, बिहार ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक संजय सिन्हा, क्षेत्रीय प्रबंधक, छपरा मानस कुमार सिन्हा, राहुल कुमार सोनू , मुख्य प्रबंधक एवं कुणाल कुमार, वरीय प्रबंधक सहित सारण जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, किसानों, महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों, छोटे व्यवसायियों एवं आम नागरिकों को बैंक की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय सेवाओं से जोड़ने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र लाभुकों तक पहुँचाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बिहार ग्रामीण बैंक के अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से पंचायत स्तर पर बैंकिंग आवश्यकताओं एवं संभावित लाभुकों की पहचान में सहयोग का आह्वान किया। साथ ही, बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पंचायतों में स्वरोजगार, उद्यमिता एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
जनप्रतिनिधियों ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए पंचायत स्तर पर बैंक एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।



















