Chhapra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छपरा परिषदन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, नल-जल योजना तथा किसान हित से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। मोदी सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल स्वर्णिम रहा है, जिसमें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।
राम कृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना किसी अवकाश के देश की निस्वार्थ सेवा की है। उनके नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने धारा 370 हटाने, तीन तलाक पर रोक और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को सरकार के ऐतिहासिक निर्णय बताया।
उन्होंने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में लगातार 12 वर्षों तक निर्वाचित नेतृत्व के साथ देश की सेवा एक नया रिकॉर्ड है। इन वर्षों में 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को नई ऊर्जा मिली है तथा युवाओं में विश्वास बढ़ा है। केंद्र सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मूल मंत्र पर चलते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
प्रेस वार्ता की ब्रीफिंग भाजपा के प्रधान प्रवक्ता एडवोकेट प्रकाश रंजन नीकू ने की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह, विधान पार्षद सच्चिदानंद राय, महामंत्री विवेक कुमार सिंह, महामंत्री धर्मेंद्र शाह, कार्यालय मंत्री अर्धेंदु शेखर, उपाध्यक्ष अणु सिंह, विकास गुप्ता, रंजन यादव, शत्रुधन भक्त, बलवंत सिंह, अनूप यादव, संस्कार कुमार एवं राकेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



















