Chhapra: अमनौर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में गुरुवार की रात एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिए जाने के मामले में अमनौर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त 2026 की रात करीब 7:30 बजे अमनौर थाना पुलिस को सूचना मिली कि रसूलपुर गांव में एक व्यक्ति को गोली लगी है। घायल की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर निवासी करीब 32 वर्षीय बजरंग कुमार प्रसाद, पिता स्वर्गीय सुरेंद्र प्रसाद साह के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली लगने के बाद घायल बजरंग कुमार प्रसाद ने वीडियो के माध्यम से अपने पटीदार अमन कुमार और यश राज का नाम लिया था। पुलिस को दोनों पक्षों के बीच पूर्व से भूमि विवाद होने की जानकारी मिली है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमन कुमार और यश राज को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार, घायल का फर्दबयान प्राप्त होने के बाद अमनौर थाना कांड संख्या 349/26 दर्ज किया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 126(2), 109(1), 61(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-1 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है। टीम घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त आग्नेयास्त्र की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।



















