Breaking News

वृद्ध आश्रम में कार्यरत महिला ने लगाए अश्लील हरकतों के आरोप, डीसी ने दिए जांच के आदेश

2 Min Read

हमीरपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के एक वृद्ध आश्रम में कुक के रूप में कार्यरत महिला ने उपायुक्त गंधर्व राठौर को शिकायत पत्र सौंपकर आश्रम के प्रधान और एक अन्य कर्मचारी पर अश्लील हरकतें करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार उसे नवम्बर 2025 में 12 हजार रुपये मासिक वेतन पर आश्रम में कुक के पद पर नियुक्त किया गया था। आश्रम के प्रधान ने उसे और उसके दो बच्चों को आश्रम परिसर में रहने, खाने-पीने तथा बच्चों की पढ़ाई की सुविधा देने का आश्वासन दिया था। महिला का आरोप है कि दिसम्बर 2025 से आश्रम के प्रधान और एक अन्य कर्मचारी ने उसके साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी गई।

महिला ने बताया कि उसके पास रहने और भोजन की अन्य कोई व्यवस्था नहीं थी, जिस कारण वह लंबे समय तक शिकायत दर्ज नहीं कर सकी। उसका कहना है कि जब प्रताड़ना बढ़ गई और रोजाना अशोभनीय व्यवहार होने लगा, तो उसे अपनी सुरक्षा और सम्मान बचाने के लिए आश्रम छोड़कर भागना पड़ा।पीड़िता ने उपायुक्त से लंबित वेतन दिलाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की गुहार लगाई है।

वहीं आश्रम के प्रधान ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि महिला को पहले ही आश्रम से हटा दिया गया था, क्योंकि वह नियमित रूप से कार्य नहीं कर रही थी और अधिकतर समय बाहर रहती थी।

वहीं उपायुक्त गंधर्व राठौर ने पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को निष्पक्ष जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें