Chhapra: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विवेकानंद वीआईपी फार्मेसी कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में संस्थान के निदेशक एवं शिक्षाविद् डॉ. राहुल राज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पूरे सम्मान एवं गरिमापूर्ण वातावरण में राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ हुआ।
ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर डॉ. राहुल राज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्य, जिम्मेदारी और समर्पण को दोहराने का अवसर है। आज के युवा ही विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, नैतिकता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि फार्मेसी जैसे स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे भविष्य में समाज के स्वास्थ्य एवं सेवा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता और प्रगति के संकल्प के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस के इस भव्य आयोजन ने विवेकानंद वीआईपी फार्मेसी कॉलेज के परिसर में राष्ट्र प्रथम की भावना को और अधिक मजबूत किया तथा विद्यार्थियों में देश के प्रति गर्व, जिम्मेदारी और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।।



















