Chhapra: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियान के तहत सोमवार को 38 यात्रियों को बिना वैध टिकट अथवा अनियमित रूप से यात्रा करते पकड़ा गया। इन यात्रियों से रेलवे नियमों के तहत कुल 19,990 रुपये रेल राजस्व के रूप में वसूल किए गए।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को छपरा कचहरी–मखरख रेलखंड, महाराजगंज–सीवान रेलखंड तथा सीवान स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की गई।
अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक प्रणव प्रभाकर ने किया। टीम में मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर, आईसीपी छपरा के पांच टिकट निरीक्षक तथा रेलवे सुरक्षा बल के दो जवान शामिल रहे।
अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 55105 छपरा कचहरी–सीवान सवारी गाड़ी और गाड़ी संख्या 15708 अमृतसर–कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करते पाए गए 38 यात्रियों से निर्धारित नियमों के तहत जुर्माना वसूला गया।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें। साथ ही उन्होंने यात्रियों से ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।



















