Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

कांग्रेस के हुए कन्हैया

नई दिल्ली: अपने युवराज के चुनावी राजनीति में विफल होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को तथाकथित टुकड़े-टुकड़े गैंग के अगुवा रहे कन्हैया कुमार को पार्टी में शामिल किया है।

वहीं गुजरात से निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवाणी ने कानूनों का हवाला देते हुए पार्टी की सदस्यता तो नहीं ली लेकिन उन्होंने पार्टी मुख्यालय पर आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के सिंबल पर लड़ने का वादा जरूर किया है।

कन्हैया कुमार ने कांग्रेस मुख्यालय पर प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जब विपक्ष कमजोर होता है तो सत्ता तानाशाह हो जाती है। ऐसे में हमें एक मजबूत विपक्ष बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही वो दल है जो भाजपा को रोक सकती है। ऐसे में अगर देश को बचाना है तो कांग्रेस को मजबूत करना ही होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बड़ी जहाज की तरह है अगर ये बची रहेगी तो करोड़ों युवाओं की आकांक्षाएं बचेंगी।

कुमार पूरी प्रेस वार्ता में अपनी पूर्व पार्टी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की प्रशंसा करते रहे, उसका बचाव करते रहे लेकिन सीपीआई नेता अतुल कुमार अंजान ने कन्हैया कुमार पर मौका परस्ती का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें संसद पहुंचने की बड़ी जल्दी है। इसीलिए वो कांग्रेस में शामिल हुए हैं लेकिन कांग्रेस को कन्हैया से कोई फायदा होने वाला नहीं है, क्योंकि कन्हैया का कोई जनाधार नहीं है।

जिग्नेश ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि अभी तकनीकी तौर पर कांग्रेस से वो नहीं जुड़ सकते हैं क्योंकि वो एक निर्दलीय विधायक हैं। ऐसी स्थिति में अगर वह किसी पार्टी में शामिल होते हैं तो विधायक के तौर पर अपना कार्यकाल वो पूरा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि वो भले ही कांग्रेस में आधिकारिक तौर पर शामिल नहीं हो पाए हैं लेकिन वो कांग्रेस के विचारों के साथ हैं और आगामी विधानसभा चुनाव वो कांग्रेस के निशान पर चुनाव लड़ेंगे और कांग्रेस के लिए प्रचार भी करेंगे।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस में शामिल होने से पहले कन्हैया कुमार और मेवाणी ने राहुल के साथ दिल्ली के आईटीओ स्थित शहीदी पार्क में भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल भी मौजूद रहे।

Exit mobile version