Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

बिहार में तीन दिनों में दस्तक देगा मानसून, तीन जिलों में येलो अलर्ट

पटना: बिहार में चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 11 से 13 जून के बीच मानसून बिहार में दस्तक दे सकता है। मानसून पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी पहुंच चुका है। पूर्णिया में प्री-मानसून की बारिश होने से इसके संकेत मिले हैं।

प्रदेश के उत्तरी भाग में गुरुवार को हुई बारिश मानसून के लिए अनुकूल साबित हो रही है। विभाग के अनुसार बिहार में 13 जून तक मानसून की बारिश होनी की संभावना है। पटना में 15 से 16 जून तक मानसून की एंट्री हो सकती है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि मानसून की पहली बारिश पूर्णिया में होगी।

राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के अररिया, किशनगंज एवं पूर्णिया में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। इन मौसमी प्रभाव को देखते हुए मौसम विज्ञान की ओर से यलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर एवं भागलपुर में सामान्य बारिश का पूर्वानुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि भले ही मानसून कुछ दिन के देरी से राज्य में दस्तक दे रहा है लेकिन इस बार भी अच्छी बारिश की उम्मीद है। अच्छी बारिश होने की वजह से किसानों को इसका फायदा मिलेगा।

Exit mobile version