Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

चार्ल्स तृतीय बने ब्रिटेन के नए सम्राट, अधिग्रहण परिषद ने किया औपचारिक ऐलान

लंदन, 10 सितंबर (एजेंसी)। चार्ल्स तृतीय अब औपचारिक रूप से ब्रिटेन के नए सम्राट बन गए हैं। शनिवार को ब्रिटेन की परिग्रहण परिषद ने पूर्व प्रिंस ऑफ वेल्स चार्ल्स तृतीय को ब्रिटेन का नया सम्राट बनाए जाने संबंधी औपचारिक ऐलान किया। लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में समारोह पूर्वक उनकी ताजपोशी की गयी।

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को निधन हो गया था। उन्होंने स्कॉटलैंड में अंतिम सांस ली थी। उसके बाद उनके पुत्र और अब तक प्रिंस ऑफ वेल्स रहे 73 वर्षीय चार्ल्स तृतीय का सम्राट बनना तय हो गया था। चार्ल्स तृतीय शुक्रवार को लंदन के बकिंघम पैलेस स्थित राजप्रासाद पहुंचे थे। शनिवार को लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में हुई ब्रिटेन की परिग्रहण परिषद की बैठक में चार्ल्स तृतीय को आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन का नया सम्राट बनाए जाने की घोषणा की गयी। शनिवार को ब्रिटेन के नए सम्राट की ताजपोशी की औपचारिक घोषणा करने और उनके शपथ ग्रहण के लिए विशेष समारोह आयोजित किया गया। ब्रिटेन के नए सम्राट चार्ल्स तृतीय अपनी पत्नी रानी कॉन्सर्ट कैमिला तथा अपने बेटे व ब्रिटेन के उत्तराधिकारी राजकुमार विलियम के साथ समारोह में शामिल हुए।

ब्रिटेन के नए सम्राट का पूरा नाम चार्ल्स फिलिप आर्थर जॉर्ज है, जो प्रिंस फिलिप और महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के बड़े बेटे हैं। चार्ल्स का जन्म 14 नवंबर, 1948 को बकिंघम पैलेस में हुआ था। चार्ल्स ने 29 जुलाई, 1981 को लेडी डायना स्पेंसर से शादी की थी। दोनों के दो बेटे विलियम और हैरी हैं। 1996 में चार्ल्स और डायना दोनों अलग हो गए थे। 1997 में पेरिस में हुए एक कार हादसे में प्रिंसेस ऑफ वेल्स डायना की मौत हो गई। बाद में नौ अप्रैल, 2005 को चार्ल्स ने कैमिला पार्कर से शादी कर ली थी।

Exit mobile version