Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

साहित्य अकादमी पुरस्कार 2023 घोषित, हिंदी के लिए संजीव को दिया जाएगा पुरस्कार

-अंग्रेजी के लिए नीलम शरण गौर और उर्दू के लिए सादिक़ा नवाब सहर पुरस्कृत

नई दिल्ली, 20 दिसंबर (हि.स.)। साहित्य अकादमी पुरस्कार 2023 की घोषणा कर दी गई है। बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. के. श्रीनिवासराव ने अकादमी पुरस्कार 2023 सभी 24 भारतीय भाषाओं के लिए घोषित किए। इनमें 9 कविता-संग्रह, 6 उपन्यास, 5 कहानी-संग्रह, 3 निबंध, तथा 1 आलोचना की पुस्तक शामिल हैं। इन पुरस्कारों की अनुशंसा 24 भारतीय भाषाओं की निर्णायक समिति द्वारा की गई।

साहित्य अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित अकादमी के कार्यकारी मंडल की बैठक में इन नामों को अनुमोदित किया गया। हिंदी के लिए संजीव (मुझे पहचानो, उपन्यास), अंग्रेजी के लिए नीलम शरण गौर (रेक्युम इन रागा जानकी, उपन्यास), पंजाबी के लिए स्वर्णजीत सवी (मन दी चिप, कविता-संग्रह) और उर्दू के लिए सादिक़ा नवाब सहर (राजदेव की अमराई, उपन्यास) पुरस्कृत किए गए हैं।

कविता के लिए पुरस्कृत लेखकों में विजय वर्मा (डोगरी), विनोद जोशी (गुजराती), मंशूर बनिहाली (कश्मीरी), सोरोख्खैबम गंभिनी (मणिपुरी), आशुतोष परिडा (ओड़िआ), स्वर्णजीत सवी (पंजाबी), गजेसिंह राजपुरोहित (राजस्थानी), अरुण रंजन मिश्र (संस्कृत), विनोद आसुदानी (सिंधी) शामिल हैं।

उपन्यास के पुरस्कृत लेखकों में स्वपनमय चक्रबर्ती (बांग्ला), कृष्णात खोत (मराठी), राजशेखरन (देवीभारती) (तमिल) शामिल हैं। पुरस्कृत कहानी-संग्रह में प्रणवज्योति डेका (असमिया), नंदेश्वर दैमारि (बोडो), प्रकाश एस. पर्येंकार (कोंकणी), तारासीन बासकी (तुरिया चंद बासकी) (संताली), टी. पतंजलि शास्त्री (तेलुगु) शामिल हैं।

इसके साथ निबंध के लिए लक्ष्मीशा तोल्पडि (कन्नड), बासुकीनाथ झा (मैथिली), युद्धवीर राणा (नेपाली) और आलोचना के लिए ई.वी. रामकृृष्णन (मलयालम्) को पुरस्कार दिया जाएगा।

पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रुपये की राशि पुरस्कृत लेखकों को कमानी ऑडिटोरियम में 12 मार्च 2024 को आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किए जाएगे। ये पुरस्कार, पुरस्कार-वर्ष से पिछले पांच वर्ष (यानी, 1 जनवरी 2017 से 31 दिसंबर 2021 के दौरान) पहली बार प्रकाशित पुस्तकों पर दिए गए हैं।

Exit mobile version