Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

बिहार के मूल निवासी व 1986 बैच के अधिकारी पंकज कुमार होंगे गुजरात के नए मुख्य सचिव

गांधीनगर/अहमदाबाद: गुजरात में नए मुख्य सचिव पर अधिकारी की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से लग रही अटकलों पर आज विराम लग गया। राज्य सरकार ने आईएएस पंकज कुमार को गुजरात का नया मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया है। पंकज कुमार वर्तमान मुख्य सचिव अनिल मुकीम की जगह लेंगे, जो 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

पंकज कुमार बिहार के मूल निवासी हैं और 1986 बैच के अधिकारी हैं। उन्हें मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का काफी करीबी माना जाता है।

राज्य सरकार आईएएस अनिल मुकीम को मुख्य सचिव के रूप में दो बार छह-छह महीने का विस्तार दे चुकी है। उन्होंने 25 अगस्त को अंतिम कैबिनेट बैठक में भाग ले कर सभी को धन्यवाद दिया, क्योंकि उनका कार्यकाल 31 अगस्त को समाप्त हो रहा है।

राज्य में मुख्य सचिव पद की दौड़ में एसीएस होम पंकज कुमार और एसीएस इंडस्ट्री राजीव गुप्ता थे। सरकार ने पंकज कुमार को नया मुख्य सचिव बनाने का निर्णय लिया। वह अब 31 अगस्त को ही गुजरात के नए मुख्य सचिव का पद संभालेंगे। 1986 बैच के गुजरात कैडर के अधिकारी पंकज कुमार मई 2022 तक सेवा में रहेंगे।

Exit mobile version